हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को स्वयं धरातल पर उतरे। उन्होंने चंडी चौक, चंडी पुल, आयरिश पुल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप सहित विभिन्न क्षेत्रों का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों की स्थिति, डामरीकरण और पेंचवर्क कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी चिन्हित स्थानों पर कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी सड़क मरम्मत का कार्य लंबित है, वहां श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्य की गति तेज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को गंभीरता से लेते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चंडी पुल के मरम्मत कार्य की जानकारी लेते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन लंबे समय तक बाधित न रहे। इसके बाद उन्होंने आयरिश पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया।
दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय के साथ निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे कुंभ मेला संबंधी कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आगामी कुंभ मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में पेंटिंग और वॉल पेंटिंग कराने के साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत के साथ प्रकाश व्यवस्था और सड़क के आसपास की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने एनएच अधिकारियों को शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक सड़क के पेंचवर्क और डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और सड़क मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, डिप्टी मैनेजर एनएच प्रज्वल चौहान, कॉन्ट्रैक्टर अमित जैन, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।