कटारपुर गांव को ‘गौतीर्थ’ के रूप में विकसित करने की मांग, गौसेवक बलिदानियों को किया नमन

हरिद्वार। ग्राम कटारपुर स्थित गौसेवक शहीद स्थल को ‘गौतीर्थ’ के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि महाराज (बड़ा उदासीन अखाड़ा), पीठाधीश्वर संत मंडल आश्रम भीमगोड़ा, कटारपुर पहुंचे। उन्होंने गौमाता की पूजा-अर्चना कर अंग्रेजों के समय गौमाता को कटान से बचाने के लिए बलिदान देने वाले गौभक्तों को नमन किया। इस दौरान बलिदानी परिवार के सचिन चौहान सहित अन्य परिवारों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

स्वामी राम मुनि महाराज ने ग्रामवासियों और गौभक्तों से आह्वान किया कि सरकार ग्राम कटारपुर को ‘गौतीर्थ’ के रूप में विकसित करे और गौमाता की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले गौभक्तों को उचित सम्मान दिया जाए। उन्होंने लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया।

बुजुर्ग ग्रामवासी डॉ. श्याम सिंह आर्य ने बताया कि पूर्व विधायक ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश मुनि ने पूर्व में गौ शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार कराया था। इसके बाद कई नेताओं ने चुनाव के दौरान इस स्थल के विकास को लेकर वादे किए, लेकिन बाद में इस विषय पर ध्यान नहीं दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों और गौभक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा गौमाता की श्रद्धापूर्वक आरती कर प्रसाद वितरित किया। सभी ने संकल्प लिया कि स्वामी राम मुनि महाराज के नेतृत्व में इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए उचित माध्यमों से कटारपुर को ‘गौतीर्थ’ के रूप में विकसित कराने की आवाज उठाई जाएगी।

इस अवसर पर स्वामी ओमकार पुरी महाराज, समाजसेवी संदीप सिंघानिया, धर्म जागरण के सह संयोजक डॉ. राहुल सिंह, आचार्य दिव्य प्रकाश, शेखर चौहान, राजबीर चौहान, मदनलाल चौहान, पंडित राजेंद्र दास ‘अंकित’, पंडित गंगाशरण शर्मा, प्रदीप प्रजापति, रितेश शर्मा, पवन चौहान, जीवेंद्र तोमर, सुमन शर्मा सहित सैकड़ों ग्रामवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *