हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचकर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता और त्वरित गति से निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाले में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने से यहां अक्सर आवागमन बाधित हो जाता था। इससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
नवनिर्मित पुल के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और मानसून के दौरान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने पुल के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।