काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि किच्छा के कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ भाजपा सरकार के इशारे पर जिस तरह हमला किया गया, वह लोकतंत्र की हत्या के समान है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में जनप्रतिनिधियों के सम्मान, अधिकारों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अलका पाल ने कहा कि संकट हो या संघर्ष, विरोध हो या सत्ता का दबाव, विधायक तिलक राज बेहड़ ने हमेशा जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी है। उनके साथ जिस तरह का अशोभनीय व्यवहार किया गया, वह केवल एक जनप्रतिनिधि का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और उत्तराखंड की जनता के जनादेश का अपमान है।
उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में भाजपा को भूलना नहीं चाहिए कि लोकतंत्र में धमकी, दबाव, हिंसा और जोर-जबरदस्ती से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। जनप्रतिनिधि को डराने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कांग्रेस का हर कार्यकर्ता और उत्तराखंड की जनता मजबूती से खड़ी है। विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ कांग्रेस का हर कार्यकर्ता खड़ा है। अन्याय और अराजकता के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।