अर्धकुंभ मेले की तैयारियों में स्थानीय प्रतिभाओं को मिले उचित स्थान : डॉ. अशोक गिरि

हरिद्वार। स्वतंत्र पत्रकार डॉ. अशोक गिरि ने अर्धकुंभ मेले की तैयारियों में तेजी लाने के साथ स्थानीय साहित्यकारों, पत्रकारों, चित्रकारों एवं रंगकर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि शासन, प्रशासन और साधु-संतों का प्रयास है कि अर्धकुंभ मेला दिव्य एवं भव्य रूप से आयोजित हो। हरिद्वार की जनता भी यही चाहती है, लेकिन किसी भी आयोजन की सफलता के लिए जरूरी है कि तैयारियां गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी हों और स्थानीय प्रतिभाओं को भी उचित मंच मिले।

डॉ. गिरि ने कहा कि स्थानीय लोग क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित होते हैं। हरिद्वार में साहित्यिक, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें अवसर प्रदान करने की है।

उन्होंने सुझाव दिया कि सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के पंडाल में स्थानीय एवं राष्ट्रीय समाचार पत्रों, स्थानीय पत्रिकाओं, साहित्यकारों की पुस्तकों तथा चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जानी चाहिए, ताकि स्थानीय रचनाकारों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *