आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल के 62वें वार्षिकोत्सव का दूसरा दिन, सामवेद के 400 मंत्र गाने वाली 7 वर्षीय श्रुति सम्मानित

सामवेद की पद्धति से संध्या कराकर श्रुति ने जीता सभी का दिल

हरिद्वार। आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल हरिद्वार के 62वें वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन पांच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आर्य समाजियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सामवेद के 400 मंत्र गाने वाली सात वर्षीय बालिका श्रुति को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

संस्था अध्यक्ष डॉ. बलवीर तलवार एवं मुख्य अतिथि उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रो. विनय विद्यालंकार ने श्रुति को अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। श्रुति ने सामवेद की पद्धति के अनुसार संध्या कराकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बचपन से ही आर्य समाज की शिक्षा-दीक्षा प्राप्त कर रही श्रुति का संस्कृत भाषा पर अच्छा अधिकार है। वह वेदों के मंत्रों का शुद्ध उच्चारण करती है। इस अवसर पर श्रुति मुख्य यजमान भी रही। उसने कहा कि यज्ञ करने से मन को आत्मिक शांति मिलती है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. विनय विद्यालंकार, डॉ. बलवीर तलवार, आचार्य डॉ. रामकृष्ण शास्त्री, संस्था संरक्षक ओपी बत्रा, मंत्री मदन सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता एवं कार्यक्रम संयोजक आचार्य योगेंद्र मेधावी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इस दौरान भजन, प्रवचन एवं ऋषि प्रसाद लंगर का आयोजन भी किया गया।

वार्षिकोत्सव का समापन रविवार को होगा। समापन समारोह में परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर सामवेद परायण एवं 31 कुंडीय यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *