कुंभ-2027 की सुरक्षा को लेकर पुलिस की तैयारी तेज

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेला नियंत्रण भवन सभागार में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन और एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आतंकवाद निरोधक उपायों, साइबर सुरक्षा और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल और एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कुंभ की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। अधिकारियों ने प्रमुख स्नान पर्वों पर संभावित भीड़ को देखते हुए होल्डिंग एरिया, पार्किंग, यातायात डायवर्जन, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की व्यवस्था समय से तैयार करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेला क्षेत्र, प्रमुख स्नान घाटों और रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली को समयबद्ध तरीके से क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। आतंकवाद, संगठित अपराध और साइबर खतरों से निपटने के लिए एटीएस, एसटीएफ, बीडीएस और अभिसूचना इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी जोर दिया गया। सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों के नियमन, जीआरपी की तैनाती और अग्निशमन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा कुंभ ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों के आवास, भोजन, पेयजल, प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों और पुलिस लाइनों का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन ऋषिकुल, प्रमुख स्नान घाटों, हरकी पैड़ी, अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, फायर स्टेशनों, हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए।

इस दौरान आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका, आईजी विम्मी सचदेवा, आईजी कृष्ण कुमार वीके, आईजी नीलेश आनंद भरणे, आईजी अनंत शंकर ताकवाले, आईजी राजीव स्वरूप, आईजी सुनील मीणा, आईजी बरिंदरजीत सिंह, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल सहित विभिन्न वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *