हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह रावत एवं सहायक अधिकारी बाबी कुमार के साथ बिजौली, नगला इमरती, लादपुर खुर्द, लादपुर कला, ज़ैनपुर और मख्याली खुर्द क्षेत्र में संचालित 7 मदरसों एवं 3 मकतबों का निरीक्षण किया। इस दौरान मकतब संचालकों को बच्चों का अनिवार्य रिकॉर्ड रखने और विद्यालय समय के बाद ही मकतब संचालित करने के निर्देश दिए गए। बिना मान्यता संचालित मदरसों को नोटिस जारी किए गए। डॉ. गांधी ने संस्थानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप मान्यता लेने के निर्देश देते हुए कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य धार्मिक शिक्षा के साथ बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है, ताकि उनका भविष्य बेहतर हो सके।