हरिद्वार। नगरपालिका परिषद शिवालिकनगर के वार्ड-12 रामधाम में रविवार को करीब 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शुभारंभ किया गया। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने निर्माण कार्य की शुरुआत कर कहा कि विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से करीब 500 मीटर लंबी सड़क कृपाल स्कूल से देवनगर, शिवालिकनगर तक बनाई जाएगी। सड़क बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों के साथ ही सिडकुल आने-जाने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सड़क, नाली, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। वहीं, सभासद गरिमा सिंह ने कहा कि लंबे समय से इस सड़क की मांग की जा रही थी, जिसके निर्माण से स्थानीय लोगों और सिडकुल क्षेत्र में आने-जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस दौरान पूर्व सभासद अशोक मेहता, विपिन चौहान, धर्मपाल सिंह, संदीप राठी, अविनाश रोहेला, अंकित श्रीवास्तव, सुजान सिंह बिष्ट, हीरा सिंह बिष्ट, सूरज नेगी, वीरेन्द्र चौधरी आदि मौजूद रहे।