जनसुनवाई में पहुंचीं 73 शिकायतें, 41 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 73 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, बिजली, पेयजल, अतिक्रमण और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को 36 दिन से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *