हरिद्वार। आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार की समस्याओं को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि 2015 से भूमिहीन या किराए पर रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को जल्द से जल्द भूखंड या आवास उपलब्ध कराया जाए। साथ ही टाउन हॉल में लगे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के 95 चित्रों को सम्मानित किया जाए और इन्हें रेलवे स्टेशन, शासकीय सभागारों और विद्यालयों में भी प्रदर्शित किया जाए। इसके साथ ही, सेनानियों के नाम पर सड़कों, चैराहों और सरकारी विद्यालयों का नामकरण किया जाए। बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति में दो सेनानी परिवारों को शामिल किया जाए, और जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से शिक्षण संस्थान संचालित है वहां उनकी जयंती और पुण्यतिथि मनाने के आदेश जारी किए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि सेनानियों के नाम पर लगे शिलालेख या बोर्ड क्षतिग्रस्त होने पर तुरंत मरम्मत की जाए, और अति वृद्ध पेंशनधारकों के लिए जीवित प्रमाण पत्र उनके आवास पर बैंक कर्मचारियों द्वारा प्राप्त करने की व्यवस्था की जाए। जनपद स्तर पर सेनानियों का जीवन परिचय प्रकाशित किया जाए और जगदीश वत्स के नाम पर सेवा सदन बनाने का अनुरोध किया गया है। जिलाधिकारी ने इन सभी अनुरोधों पर शासनादेश के अनुपालन में समय पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।