देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के शिक्षा निदेशालय, ननूरखेड़ा में 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्तीर्ण 108 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि राज्य के 2871 विद्यालयों में मिड डे मील योजना के तहत दो गैस सिलेंडर और एक चूल्हा प्रदान किया जाएगा, जिस पर लगभग 2 करोड़ 15 लाख रुपये खर्च होंगे।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भविष्य के कर्णधार हैं और उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक होगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के लागू होने की भी बात की, जिससे स्कूली और उच्च शिक्षा को नए आयाम मिलेंगे।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार छठवीं से 12वीं कक्षा के टॉपर्स को छात्रवृत्ति और भारत दर्शन का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि अगले सत्र से बच्चों को मुफ्त किताबें, कपड़े और नोटबुक्स दी जाएंगी। 3000 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है और स्कूलों में ई-लर्निंग व स्मार्ट क्लासरूम की स्थापना की जाएगी।
इस अवसर पर शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी मौजूद थे।