मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  सचिवालय में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम (डी.डी.आर.एस) का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्लास्टिक की बोतल को बार कोड से स्कैन कर डिजिटल पेमेंट प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने इस प्रणाली को पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक की खपत कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल चार धाम यात्रा और अन्य पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता में योगदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम के सफल संचालन के लिए समन्वयित प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया और इसे उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सफल बताया, जिसे डिजिटल इंडिया अवार्ड 2022 से सम्मानित किया गया था।

इस सिस्टम के तहत, प्लास्टिक कचरे को नजदीकी डी.डी.आर.एस सेंटर में वापस करने पर उपभोक्ताओं को एक निश्चित धनराशि प्राप्त होगी, जिससे प्लास्टिक कचरे का प्रभावी प्रबंधन किया जा सकेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *