बैंक में चोरी का असफल प्रयास, चार गिरफ्तार

हरिद्वार। बहादराबाद पुलिस ने बैंक में चोरी के प्रयास में विफल चार युवको को त्वरित कार्यवाही करते हुये गिरफ्तार किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से हथौड़ा, छेनी, गमछा व एक जोड़ी चप्पल मिली थी।

विगत 25 अगस्त की रात्रि को रोहालकी किशनपुर स्थित ओवरसीज बैंक में कुछ युवकों ने चोरी का प्रयास किया। जिसकी सूचना पुलिस को मिली, पुलिस टीम मौके पर पहुँची। युवक पुलिस की आहट सुन अंधेरे में भाग गए। चोरी का प्रयास असफल रहा। मौके का मुआयना करने पर टीम ने पाया कि बैंक मे चोरी करने के इरादे से युवकों ने टाॅयलेट की दीवार तोड़ी और बैंक मे घुस गये। युवकों ने बैंक मे लगे सीसीटीवी कैमरों व स्ट्रांग रूम का हेण्डल तोड़ने का प्रयास किया था।

विगत 26 अगस्त को शाखा प्रबंधक अतुल कुमार ने अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जिन्हें पुलिस ने रोहालकी रिंग रोड वाले पिलर के पास से धर दबोचा। युवकों की पहचान सुरेन्द्र नाथ उर्फ नारायण नाथ, फैजान, मंजेश व अलीखान के रूप में हुई। अगर पुलिस देर से पहुंचती, तो बदमाश करोड़ों रुपये और ज्वैलरी चुरा सकते थे।

मंजेश व अलीखान का बहादराबाद थाने में आपराधिक इतिहास है। मंजेश पर आधा दर्जन व अलीखान पर दो मुकदमें दर्ज हैं। मंजेश को एक महीने के लिये जिलाधिकारी के आदेश पर जिलाबदर भी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *