राज्य स्थापना दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, नेताओं ने शहीदों को किया नमन

हरिद्वार । ऋषिकुल आयुर्वेद महाविद्यालय में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी और जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों को नमन करते हुए राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि लम्बे संघर्षों के बाद हमें उत्तराखण्ड राज्य प्राप्त हुआ। उत्तराखंड के 24 सालों की विकास यात्रा में शिक्षा, उद्योग और बुनियादी ढांचे में राज्य ने बड़ी प्रगति की है। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम से कहा था कि यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। सड़कों, रेल कनेक्टिविटी, शिक्षा और उद्योग में राज्य ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और उत्तराखंड की प्रतिभाएं देश-विदेश में अपनी पहचान बना रही हैं।

विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि हमारी मातृभूमि देवभूमि है, और इसकी संस्कृति व सौम्यता को बनाए रखने के लिए हमें अपने आचरण को बेहतर बनाना चाहिए। उन्होंने अध्यात्म और पर्यटन के विकास पर महत्व देते हुए कहा कि राज्य में हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है और कई नई योजनाएं भी बनाई जा रही हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि हमारे शहीदों ने संघर्ष के दौरान अत्यधिक कष्ट झेले हैं, और उनके सपनों को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए सभी को अनुशासन, निष्ठा और पारदर्शिता से कार्य करना होगा।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। साथ ही, पुलिस, फायर, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, मत्स्य और विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकाली गईं और योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए।

मंच का संचालन नरेश चौधरी ने किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता विकास तिवारी, विशाल गर्ग, जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, दीपेन्द्र सिंह नेगी, पीडी के.एन. तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह, उप जिलाधिकारी लक्ष्मीराज चौहान, अजयवीर सिंह सहित सभी जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *