फ्लाईओवर बना, अंडरपास और साइड रोड को भूला एनएचएआई: सेठी

हरिद्वार। सर्वानंद और भीमगोड़ा अंडरपास की जर्जर स्थिति से परेशान होकर गुस्साए लोगों ने एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनता ने ढोल-नगाड़ों के साथ एनएचएआई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सुनील सेठी ने बताया कि जब से हाईवे और फ्लाईओवर का निर्माण हुआ हैं, उनकी सड़कों की हालत अच्छी बनी हुई है, लेकिन फ्लाईओवर के नीचे के अंडरपास की स्थिति खराब होती जा रही है। सर्वानंद अंडरपास का उपयोग सप्तसरोवर गंगा घाट और अन्य जगहों तक पहुंचने के लिए किया जाता है, लेकिन इसकी स्थिति इतनी जर्जर है कि वहां से गुजरने वाले लोग आए दिन चोटिल हो रहे हैं। एनएचएआई ने फ्लाईओवर और हाईवे बना दिए, लेकिन अंडरपास और साइड रोड की स्थिति सुधारने की ओर ध्यान नहीं दिया।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि हाईवे पर दुर्घटनाओं से बचने के लिये साधु-संत और गंगा घाटों पर जाने वाले लोग इसी अंडरपास का उपयोग करते हैं। उत्तरी हरिद्वार में बिजली घर होने की वजह से नागरिकों को इसी अंडरपास से गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें कठिनाई होती है। जनेश्वर त्यागी ने बताया कि एनएचएआई को कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया।

विरोध प्रदर्शन में खड़खड़ेश्वर व्यापार मंडल अध्यक्ष भूदेव शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, ऑटो यूनियन अध्यक्ष हरीश अरोड़ा, अनिल कोरी, ललित अग्रवाल, पवन पंडित, गौरव खन्ना, राजेश शर्मा आदि लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *