हरिद्वार। भाजपा ने हरिद्वार नगर निगम चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, नगर विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चैहान, जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, चुनाव प्रभारी ज्योति प्रसाद गैरोला, मेयर प्रत्याशी किरण जैसल और पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने इस मौके पर भाग लिया। नगर विधायक मदन कौशिक ने बताया कि इस संकल्प पत्र में हरिद्वार की जनता के सुझावों को शामिल किया गया है, जो सुझाव पेटी के माध्यम से प्राप्त हुए थे। यह संकल्प पत्र हरिद्वार के समग्र विकास और नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने का भरोसा दिलाता है।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा धर्मनगरी हरिद्वार को विश्व स्तरीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाएगी। इसमें लाइव एवं साउंड शो, वार्षिक सनातन फिल्म महोत्सव और आधुनिक आवासीय सुविधाएं शामिल होंगी। रानीपुर विधायक आदेश चैहान ने शहर की परिवहन व्यवस्था को सुधारने, इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने और नए ऑटो व ई-रिक्शा स्टैंड बनाने की बात कही।
जिलाध्यक्ष संदीप गोयल ने बताया कि यह घोषणा पत्र 1100 से अधिक नागरिकों के सुझावों पर आधारित है। भाजपा आम जनता की जरूरतों के अनुसार काम करेगी। मेयर प्रत्याशी किरण जैसल ने हरिद्वार को प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ नगर निगमों में शामिल करने का संकल्प लिया।