26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मौके पर हरिद्वार के पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित परेड ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हरिद्वार जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह का स्वागत बुके देकर किया।
मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के पश्चात परेड कमांडर सीओ लाइन सुरेन्द्र प्रसाद बलुनी से सलामी ली। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर जवानों का हौसला बढ़ाया।
इस दौरान नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, पीएसी, यातायात पुलिस, होमगार्ड्स और पीआरडी के जवानों ने मंच के सामने से गुजरते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। साथ ही पुलिस और विभिन्न विभागों की झांकियों ने लोगों को जागरूक किया। इसमें सीपीयू, चेतक, इंटरसेप्टर, एफएसएल, डॉग स्क्वाड, क्यूआरटी, फायर सर्विस, जल पुलिस, महिला सशक्तिकरण, कृषि और उद्यान विभाग समेत अन्य विभागों ने भाग लिया।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरिद्वार के पीएमएस और स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के देशभक्ति से ओतप्रोत नाट्य मंचन और गीतों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने बच्चों को मंच पर बुलाकर उनकी सराहना की।
सम्मान समारोह में हरिद्वार पुलिस के अधिकारी सम्मानित
गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस के कई अधिकारियों को उनके विशिष्ट कार्य और सेवा के लिए सम्मानित किया गया। उत्तराखंड शासन और पुलिस महानिदेशक ने राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक और प्रशस्ति डिस्क प्रदान करने की घोषणा की।
सम्मानित होने वाले अधिकारियों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल और अपर पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह को “राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक” दिया जाएगा। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक राकेश रावत और उप निरीक्षक नरेश सिंह को “पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड” से सम्मानित किया जाएगा।
“पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर” से अपर उप निरीक्षक मोहिनी देवी और आरक्षी वसीम अकरम को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह देहरादून में आयोजित किया जाएगा, जहां राज्यपाल और पुलिस महानिदेशक पदक प्रदान करेंगे।