हरिद्वार। सिडकुल स्थित मेट्रो हॉस्पिटल में कार्यरत एक स्टाफ नर्स की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। 23 वर्षीय नर्स सलोनी का शव हॉस्पिटल के टॉयलेट में बरामद हुआ। टॉयलेट का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया।
मृतका पिछले डेढ़ साल से मेट्रो हॉस्पिटल में बतौर स्टाफ नर्स काम कर रही थी। उसकी मौत पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिडकुल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर अहम सुराग जुटाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि सलोनी की तबीयत खराब होने की सूचना देकर उन्हें अस्पताल बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली। मृतका के पिता पूरण सिंह ने मामले की गहन जांच की मांग की है।
एसपी सिटी ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।