हरिद्वार। रानीपुर मोड़ स्थित प्रेम नगर आश्रम के पास एयरटेल फाइबर टेलीकॉम कंपनी द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें लोगों के लिए मुसीबत बन गई हैं। लाइन बिछाने के लिए सड़क को पूरी तरह खोद दिया गया है, जिससे पानी की पाइपलाइन कई जगहों से फट गई है और हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कंपनी ने नगर निगम से खुदाई की अनुमति तो ली है, लेकिन जल संस्थान और बिजली विभाग से कोई मंजूरी नहीं ली गई, जिससे अब अव्यवस्था फैल गई है।
क्षेत्रीय नेता दीपक टंडन ने प्रशासन को घेरा और कहा कि निगम ने खुदाई की अनुमति दी, लेकिन नियमों के अनुसार, जल संस्थान और बिजली विभाग से भी मंजूरी ली जानी चाहिए थी, जिससे किसी भी प्रकार की क्षति को रोका जा सके। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी का सीजन आने वाला है, पहले ही पानी की आपूर्ति कम थी और अब पाइपलाइन फटने से स्थिति और भी गंभीर हो जायेगी। यदि पानी या बिजली की लाइन से कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? अधिकारियों की लापरवाही के चलते जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जब विभागों के अधिकारियों से इस विषय पर बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया।