कुंभ 2027 की तैयारियों पर चर्चा, मेयर किरण जैसल ने लिया आशीर्वाद

हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने उन्हें मां मनसा देवी की चुनरी और मूर्ति भेंट कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बैठक में 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने मेयर किरण जैसल के प्रशासनिक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शहर को समुचित विकास मिलेगा और नगर निगम की योजनाओं का लाभ हरिद्वार के नागरिकों तक पहुंचेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकास नीतियों को आगे बढ़ाते हुए मेयर कुंभ मेले की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएंगी।

मेयर किरण जैसल ने कहा कि धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ मानव सेवा में श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज का योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ के सफल आयोजन की सराहना करते हुए हरिद्वार में 2027 के अर्धकुंभ को पूर्ण कुंभ के रूप में आयोजित करने के अखाड़ा परिषद के निर्णय को स्वागतयोग्य बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम इस भव्य आयोजन के लिए अखाड़ा परिषद के साथ हरसंभव सहयोग करेगा।

इस अवसर पर निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी आदियोगी पुरी, महामंडलेश्वर साध्वी भगवती पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी चिंकीनंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी जय गिरी, मेयर प्रतिनिधि सुभाषचंद, रवि जैसल, भाजपा नेता भोला शर्मा और कन्हैया खेवड़िया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *