सीएम धामी का भव्य स्वागत, करोड़ों की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर आगमन पर शहर में अद्भुत उल्लास और भव्यता देखने को मिली। गल्ला मंडी से मेन बाजार होते हुए गांधी पार्क तक उनके भव्य रोड शो का आयोजन किया गया, जहां जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा, फूल मालाओं और उत्साह से उनका स्वागत किया। गांधी पार्क में आयोजित सेवा, सुशासन और विकास के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर में मुख्यमंत्री ने 2929.53 लाख की लागत से सात विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 1021.89 लाख की लागत से सात योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं में गौशाला निर्माण, शमशान घाट जीर्णोद्धार, सब्जी मंडी और ग्रीन पार्कों का सौंदर्यीकरण, हाईटेक शौचालय निर्माण, कलेक्ट्रेट परिसर में जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय, वेंडिंग जोन और कई अन्य विकास कार्य शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वेंडिंग जोन में गरीब रेहड़ी-ठेली संचालकों को दुकानों की चाबियां सौंपी और बहुउद्देशीय शिविर में लगे स्टॉलों का निरीक्षण कर पारंपरिक दही मथकर मक्खन भी निकाला। इसके बाद उन्होंने हंस स्पोर्ट्स अकादमी का शुभारंभ किया और खुद बैडमिंटन खेलकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले की नौ विधानसभाओं के लिए नौ जन सेवा प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो आगामी 30 मार्च 2025 तक जनता के बीच सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि जनता का अपार समर्थन इस बात का संकेत है कि सरकार जन विश्वास पर खरी उतर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सुशासन और विकास की नई इबारत लिखने की बात कही। सीएम ने बताया कि प्रदेश को सड़कों, हेली सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और खेल जैसे हर क्षेत्र में मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए 30 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं, जिससे उद्योग, पर्यटन, आयुष और खाद्य प्रसंस्करण को गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान सम्मान निधि योजना से लाखों किसानों को लाभ मिला है और एमएसपी बढ़ाकर उनकी आमदनी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के किसानों को ब्याज मुक्त ऋण, मुफ्त सिंचाई और कृषि उपकरणों पर 80% सब्सिडी जैसी योजनाओं से सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने बंगाली समाज को जाति प्रमाण पत्र में “पूर्वी पाकिस्तान विस्थापित” लिखे जाने की बाध्यता खत्म करने और नजूल भूमि के मालिकाना हक दिए जाने जैसे ऐतिहासिक फैसलों का भी जिक्र किया।

सीएम धामी ने प्रदेश के ऐतिहासिक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, G-20 की बैठकों और 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन को उत्तराखंड की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा सतत विकास लक्ष्यों के इंडेक्स में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान मिला है और राज्य की बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4% की कमी आई है। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून लाने और महिलाओं व राज्य आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण देने को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने उधमसिंह नगर में हो रहे विकास कार्यों पर बात करते हुए बताया कि रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज, किच्छा में एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर, हल्द्वानी से नई हेली सेवाएं और पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निर्माण किया जा रहा है। 170 करोड़ की लागत से गदरपुर बाईपास, 95 करोड़ से खटीमा बाईपास और 1152 करोड़ से रुद्रपुर बाईपास का निर्माण हो रहा है। सितारगंज में एक्वा पार्क, खुरपिया में स्मार्ट औद्योगिक नगर और खेल स्टेडियम जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने गोविंद घाट से हेमकुंड साहिब तक 12.5 किमी लंबे रोपवे के लिए 2700 करोड़ की स्वीकृति को उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह रोपवे प्रधानमंत्री मोदी के “विकास के 9 रत्नों” में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और देश का अग्रणी राज्य बनाना है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने रुद्रपुर के विकास के लिए नई घोषणाओं की मांग रखी, जिनमें अटरिया माता मंदिर सौंदर्यीकरण, मुख्य बाजार में नाले और फुटपाथ निर्माण, ट्रांजिट कैंप में सिटी पार्क और रुद्रपुर को स्पोर्ट्स सिटी के रूप में विकसित करने की मांगें शामिल रहीं। कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा समेत तमाम प्रशासनिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *