पिरान कलियर में बहुउद्देशीय शिविर का भव्य आयोजन

राज्य सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पिरान कलियर के ब्यूटी पैलेस रहमतपुर में भव्य बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, ब्लॉक प्रमुख लुबना राव और भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

ब्लॉक प्रमुख लुबना राव ने कहा कि सरकार महिलाओं को सम्मान देने के साथ उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। पहले बेटियों को पढ़ने नहीं दिया जाता था, लेकिन “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तीन वर्षों में प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने सरकार के तीन साल को बेमिसाल बताते हुए कहा कि हर योजना को जनता तक ईमानदारी से पहुंचाया गया है। आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख तक का मुफ्त इलाज लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सरकार जनता की सरकार है और सभी को विकास की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि सरकार के तीन साल पूरे होने पर यह बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 30 हजार महिलाओं को स्वरोजगार दिया गया, नकल विरोधी कानून लागू किया गया और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर राज्य को अग्रणी बनाने का कार्य किया गया। सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ विकास और सेवा सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रही है।

इस अवसर पर ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दो सीएलएफ को 35-35 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए, आठ व्यक्तियों को पीएम आवास योजना का लाभ मिला, समाज कल्याण विभाग ने एक व्यक्ति को शादी अनुदान, दो को वृद्धावस्था पेंशन और एक दिव्यांग को पेंशन स्वीकृत की। चिकित्सा विभाग ने 113 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों के फॉर्म मौके पर ही भरवाए।

इस कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल, सहायक खंड विकास अधिकारी केके कांडपाल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, मुनेश सैनी, सुरेश सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *