देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा, सुशासन और विकास के तीन साल पूरे होने पर शनिवार को भव्य रोड शो निकाला और सर्वे स्टेडियम, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने बहुउद्देशीय शिविर का अवलोकन किया और लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, कृषि यंत्र व स्वयं सहायता समूहों को चेक वितरित किए। सीएम धामी ने घोषणा की कि राज्य स्थापना के 25 साल पूरे होने के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न शहरों में देवभूमि सिल्वर जुबली पार्क बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जल्द पूरा होने वाला है, जिससे सफर और आसान होगा। उड़ान योजना के तहत देहरादून, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, गौचर और पिथौरागढ़ समेत 12 शहरों में हेली सेवाएं शुरू होने से हवाई कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
देहरादून में 1400 करोड़ की परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। शहर में स्मार्ट स्कूलों की स्थापना के साथ लैंसडाउन चौक पर अत्याधुनिक लाइब्रेरी बनाई गई है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 30 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं और 11 चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है, ताकि लोग घर बैठे लाभ उठा सकें।
सरकार के तीन साल पूरे होने पर पूरे प्रदेश में जनपद, विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां एक ही स्थान पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन और निस्तारण की सुविधा दी जा रही है। इस मौके पर मेयर सौरभ थपलियाल, राज्य मंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, कैलाश पंत, मीरा सकलानी, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।