देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इंटर क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ क्रिकेट खेलकर किया। इस मौके पर उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब में खेल सामग्री के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की। यह टूर्नामेंट महाराणा स्पोर्ट्स कॉलेज में एक अप्रैल से सात अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमतौर पर पत्रकार साथी खेलों की रिपोर्टिंग कर खबर बनाते हैं, लेकिन इस तरह के आयोजन से उन्हें खुद मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, इससे उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट की सराहना करते हुए आमजन से भी अपनी दिनचर्या में खेल गतिविधियों को शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में खेलों से जुड़ना बेहद जरूरी है ताकि व्यक्ति मानसिक तनाव से दूर रहते हुए स्वस्थ जीवन जी सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के हित में लगातार प्रयास कर रही है और उन्हें बेहतरीन खेल सुविधाएं देने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों की तरह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था, जो सरकार की सफल खेल नीतियों का परिणाम है।
क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिंह, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, निदेशक खेल प्रशांत आर्य, खिलाड़ी, क्लब के सदस्य और खेल कार्यकारिणी के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।