27 से 30 जून के बीच दिल्ली में सक्रिय होगा मानसून, कई राज्यों में हल्की-मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान

नई दिल्ली । दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 जून से फिर सक्रिय होने वाला है और गुजरात, मध्य प्रदेश और बिहार के बचे हुए हिस्सों को कवर करता हुआ उत्तर पश्चिम भारत में पहुंचेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, स्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो 30 जून से 6 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर लेगा। मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में 27 जून को आंधी के साथ बूंदाबांदी, जबकि 28 जून से लगातार 4 दिन बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है।
एक जुलाई को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 6 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा। यूपी को कवर करने के साथ ही मानसून का अगला पड़ाव दिल्ली है। 27 से 30 जून के बीच मानसून राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंच सकता है।
अगले 5 दिन के दौरान तटीय कर्नाटक, कोंकण गोवा, केरल, माहे औऱ लक्ष्य द्वीप में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है।आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ में ठीक-ठाक बारिश तथा गुजरात, तेलंगाना, आंध्रा प्रदेश, यमन और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में छिटपुट बारिश का अनुमान है। इस दौरान बिहार, झारखंड, गंगा से सटे पश्चिम बंगाल के इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। 26,28 औऱ 29 जून को ओडिशा, 26-29 जून के दौरान विहार के उपर और 28-29 को झारखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। 26 से 29 जून के दौरान उत्तराखंड, पूर्वी यूपी तथा 28 और 29 जून को हिमाचल प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में छिटपुट गरज के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक जल्द ही उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। कड़कती धूप और गरमी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग का अपडेट है कि 26 जून को मानसून लखनऊ समेत कई जिलों में दस्तक दे देगा। इसके साथ ही मौसम विभाग का अलर्ट है कि, राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में मूसलधार बारिश होगी। साथ ही तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली के गिरने की पूरी संभावनाएं हैं। मौसम विभाग ने गरज और चमक के लिए उत्तर प्रदेश के 25 पूर्वी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, गोरखपुर, बलिया, मऊ, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, बस्ती, अयोध्या, गोंडा, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थ नगर शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *