हरिद्वार। जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की कुल 31 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए। तहसील दिवस में भूमि पैमाइश, चकबंदी, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आदि से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी समस्या का समाधान लंबित न रखा जाए और तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पिंकी (निवासी ज्वालापुर) ने पड़ोसी द्वारा परेशान करने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने सीओ ज्वालापुर को जांच के निर्देश दिए। डबल सिंह रावत (ग्राम लालढांग) ने चकरोड खुलवाने और कृषि सिंचाई गुल की सफाई को लेकर आवेदन दिया, जिसे संज्ञान में लेते हुए कानूनगो और पटवारी को जांच कर चकरोड खुलवाने के निर्देश दिए गए। तारा मनराल (नीलकुड़ाना, ज्वालापुर) ने राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर डीएसओ को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। श्वेता राणा (अन्नेकी हेतमपुर, रुड़की) ने भूमि पैमाइश के लिए आवेदन किया, जिस पर डीएम ने तहसीलदार को दोनों पक्षों की सहमति से पैमाइश कराने के निर्देश दिए। ओमदत्त और रेशमा ने अवैध कब्जे और जान-माल की सुरक्षा को लेकर गुहार लगाई, जिस पर सीओ ज्वालापुर को जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। अशोक कुमार अग्रवाल (नंदीपुरी) ने रेलवे द्वारा बनाए गए नाले की सफाई को लेकर शिकायत की, जिस पर नगर निगम आयुक्त को सफाई कराने के निर्देश मिले।
श्याम कुमार (पूरनपुर साल्हापुर) ने चकरोड अवरुद्ध होने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार को जांच कर चकरोड खुलवाने के आदेश दिए गए। नरेश चंद जायसवाल ने सुल्तानपुर मंजरी से धनौरी कलियर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और नाले की सफाई की मांग की, जिसे संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान शशिपाल सिंह (पीलीपड़ाव) ने विभागीय संपत्ति की सुरक्षा और लालढांग गांव तक सड़क निर्माण की मांग की, जिस पर तहसीलदार और पीडब्ल्यूडी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इरशाद, सावेज, सैयद और वाहिद ने मृत्यु प्रमाण पत्र में रिपोर्ट न लगने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने अधिकारियों से कहा कि लंबित शिकायतें जल्द से जल्द निपटाई जाएं और तहसील दिवस को पूरी गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागों के खिलाफ अधिक शिकायतें मिलेंगी, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा, “फरियादी किसी न किसी उम्मीद के साथ तहसील दिवस में आते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकता से होना चाहिए। सभी विभागों को सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और शीघ्र समाधान किया जाए।”
तहसील दिवस के मौके पर एसडीएम अजयवीर सिंह, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, बीडीओ मानस मित्तल, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.के. गुप्ता, मुख्य क्रीड़ा अधिकारी शैफाली गुरांग, आरटीओ रश्मि पंत, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, तहसीलदार प्रियंका रानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।