देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जिले के टनकपुर स्थित प्रसिद्ध पूर्णागिरी मेले को बेहतर और सुरक्षित बनाने की दिशा में कई बड़े फैसले लेते हुए महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने मेले में भीड़ और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए ढूलीगाड़ में स्मार्ट कंट्रोल रूम और सीसीटीवी निगरानी तंत्र स्थापित करने की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही सेलागाड़ में बहुउद्देश्यीय प्रशासनिक भवन का निर्माण, लाढ़ीगाड़ (पूर्णागिरी) और ठूलीगाड़/बाबलीगाड़ में पंपिंग पेयजल योजनाओं के निर्माण की भी अनुमति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कीरोड़ा पुल के अपस्ट्रीम से डाउनस्ट्रीम तक करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में वन विभाग के सहयोग से कीरोड़ा नाले का सर्वे कर चौनेलाइजेशन और बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं टनकपुर के पूर्णागिरी मार्ग पर बाढ़ से सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी किनारे ग्राम छीनीगोठ में सुरक्षात्मक दीवार निर्माण को भी हरी झंडी मिल गई है।
काशीपुर को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कई अहम योजनाओं को स्वीकृति दी है। इनमें केवीआर हॉस्पिटल से धनोरी तक बिजनेस इन होटल से परमानंदपुर लिंक मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण और स्ट्रीट लाइट लगाए जाने के साथ-साथ नगर निगम परिसर में पीपीपी मोड के तहत कार्यालय भवन, आवासीय परिसर और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण शामिल है।
नवगठित 17 वार्डों में सड़क, नाला/नाली, विद्युत और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा वार्ड नंबर 5 में गौशाला का निर्माण, टांडा तिराहे पर एकीकृत प्रशासनिक भवन का निर्माण और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर राज्य स्तरीय मॉडल कन्या इंटरमीडिएट विद्यालय के रूप में विकसित करने की योजना को भी मंजूरी प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री के इन फैसलों से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी एक नया आयाम मिलेगा।