रेड लाइन में देरी से चल रही है मेट्रो, स्टेशनों के बाहर लगी लोगों की लंबी कतारें

नई दिल्ली। दिल्ली में मेट्रो की रेड लाइन के यात्रियों को देर से ट्रेनें चलने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिससे सुबह से ही स्टेशन के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग गई हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि रेड लाइन पर इंद्रलोक और पीतमपुरा के बीच सेवाओं में देरी हो रही है। अन्य सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं। रेड लाइन में 29 स्टेशन हैं। यह मेट्रो लाइन 34.55 किमी की दूरी तय करती है।
रेड लाइन के एक यात्री अक्षय जोशी ने कहा कि गाजियाबाद से आने वाली मेट्रो कश्मीरी गेट से पहले कई बार रुक चुकी है। डीएमआरसी को समस्या का समाधान करना चाहिए। कई यात्रियों ने लगातार व्यवधानों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया। दूसरे यात्री गौरव गौतम ने कहा कि रेड लाइन ठीक से काम नहीं कर रही है। मैंने रिठाला मेट्रो स्टेशन पर 15 मिनट तक मेट्रो के गेट खुलने का इंतजार किया।
तीसरे यात्री रवि आर्यन ने कहा कि उनके जैसे लोगों को रिठाला से शहीद स्थल की ओर जाने में काफी देरी हो रही है। रिठाला मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को मेट्रो कर्मचारियों के साथ बहस करते हुए देखा गया। इससे पहले जून में यात्रियों को कई बार ब्लू लाइन मेट्रो पर दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। पिछले हफ्ते गुरुवार को, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने कहा था कि जून में अब तक छह बार मेट्रो सेवाओं के परिचालन में दिक्कत आई है। जिसमें से 3 तकनीकी खराबी थी। बाकी की 3 खराबी पक्षियों, पतंग का मांझा की वजह से हुई थी। इनके संपर्क में ओवरहेड इक्यूपमेंट आया और परिणाम स्वरूप मेट्रो के पहिए थम गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *