हरिद्वार। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज के वार्षिक महोत्सव ‘उड़ान’ का शुभारंभ जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने दीप जलाकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति छात्रों के कौशल विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने सलाह दी कि करियर का चयन सोच-समझकर और अपनी रुचि के अनुसार करें, दूसरों के प्रभाव में आकर लक्ष्य न बदलें। असफलता को अवसर मानकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में वर्ष 2024 में सर्वाधिक अंक लाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा अपराजिता को विशेष पुरस्कार मिला। प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए निरंतर प्रगति का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया, जिसमें पंजाबी, राजस्थानी और गढ़वाली नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय माहेश्वरी, रिया कश्यप और कशिश ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कॉलेज के अनेक प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।