देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर कहा कि इन वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश ने समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, नवाचार, और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना, मेक इन इंडिया, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है और गरीबी दर में 80% से अधिक की गिरावट आई है। 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। धारा 370 की समाप्ति और तीन तलाक पर प्रतिबंध जैसे साहसिक फैसलों का भी उल्लेख किया गया। रक्षा क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और निर्यात भी कर रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत की रैंकिंग 142 से 63 पर आ गई है। मध्यम वर्ग को कर छूट, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, स्टार्टअप इंडिया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे कदमों की भी सराहना की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड और केदारनाथ-हेमकुंट रोपवे जैसे प्रोजेक्ट्स पर तेजी से कार्य हो रहा है।