रामनगर। आज तड़के यहां ढेला नदी में कार बहने से हुए ह्रदय विदारक हादसे में काल के मुंह में समाए 6 युवतियों व तीन युवकों के शव बरामद हो गए हैं। मृतकों में 6 युवक युवतियां पंजाब के दो युवतियां दिल्ली की व एक युवती रामनगर की निवासी है ,जबकि एकमात्र जिंदा बची युवती काशीपुर की रहने वाली है।
शहर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया की आर्टिका कार संख्या पी वी 01 /सी 6089 आज प्रातः 5:30 बजे ढेला नदी रपटा में पानी के तेज बहाव में बह गई थी ,डायल 112 पर मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने एक युवती नाजिया पत्नी शाने आलम निवासी कार्वेट कॉलोनी रामनगर हाल निवासी काशीपुर को जिंदा बचा लिया था। 6 युवतियों व तीन युवकों के शव गाड़ी के दरवाजे व शीशे काटकर बाहर निकाले गए ,वह गाड़ी के अंदर ही फंसे थे। घंटों की जद्दोजहद के बाद मृतकों की पहचान पवन जैकब पुत्र सुरजीत जैकब निवासी भीम नगर पटियाला पंजाब, कविता पत्नी भूपेंद्र सिंह निवासी अंग देव कॉलोनी पटियाला पंजाब ,अमनदीप सिंह पुत्र मनोहर सिंह निवासी संगरूर पंजाब, जानवी उर्फ सपना पत्नी बलविंदर सिंह पटियाला पंजाब ,इकबाल निवासी पटियाला, संगीता उर्फ माही पत्नी नारायण सिंह निवासी कुल्लू मोहल्ला गढ़ी ईस्ट नई दिल्ली, हिना निवासी सुभाष विहार भजनपुरा दिल्ली , पिंकी कुमारी पत्नी देवेंद्र साहनी निवासी सेक्टर 93b नोएडा , आशिया पुत्री मोहम्मद उमर निवासी कार्वेट कॉलोनी रामनगर के रूप में हुई है जानकारी करने पर ज्ञात हुआ है कि उपरोक्त सभी लोग कार्वेट स्माल टाउन होमस्टे एंड रेस्टोरेंट ढेला में रुके थे। और आज सुबह 5:00 बजे चेक आउट कर रामनगर के लिए निकले थे ,पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।