हरिद्वार। राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड के आह्वान पर रविवार को हर की पैड़ी स्थित ओम पुल के समीप पितृ पक्ष पर एक अनोखा और प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षकों ने सरकार की प्रधानाचार्य सीधी भर्ती नियमावली का विरोध करते हुए “नियमावली तर्पण” किया।
शिक्षकों का कहना है कि सरकार यदि शिक्षकों की पदोन्नति की लंबित प्रक्रिया तुरंत शुरू नहीं करती और विवादित नियमावली को वापस नहीं लेती तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने 34 सूत्रीय मांग पत्र पर भी तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई, जिसमें वार्षिक यात्रा अवकाश, वेतन विसंगति दूर करने सहित कई अहम मुद्दे शामिल हैं।
कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह सरियाल, मंत्री हेमंत पैन्यूली, संगठन मंत्री मक्खन लाल, संयुक्त मंत्री क्रोधा नेगी, टिहरी जनपदीय अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद भट्ट, हरिद्वार जिला अध्यक्ष लोकेश कुमार, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, महामंत्री विवेक सेनी समेत सैकड़ों शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।