हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में मंगलवार को देवपुरा में व्यापारियों ने कॉरिडोर योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सुनील सेठी ने कहा कि विकास के नाम पर प्रकृति और पौराणिक धरोहर से छेड़छाड़ अस्वीकार्य है। यदि विकास करना है तो खाली पड़ी जमीन और गंगा घाटों का विस्तार कर हेरिटेज सिटी बनाई जाए, जिससे श्रद्धालु और व्यापारी दोनों लाभान्वित हों।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने योजनाओं पर भ्रम की स्थिति बनाई है, जिससे वे सीजन और अर्धकुंभ मेले की तैयारी नहीं कर पा रहे। संरक्षक अधीर कौशिक व सचिव अभिनव चैरसिया ने कहा कि बिना किसी व्यापारी का अहित किए विकास संभव है।
उपाध्यक्ष सुनील मनोचा, प्रीत कमल और तेज प्रकाश साहू ने कहा कि व्यापारी विकास विरोधी नहीं, बल्कि चाहते हैं कि सौंदर्यकरण और व्यवस्थाओं के साथ व्यापार व आवास सुरक्षित रहें। साथ ही देहरादून आपदा पर शोक व्यक्त कर मां गंगा से आपदाएं रोकने की प्रार्थना भी की गई।