हरिद्वार। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के उत्तरी क्षेत्र पाइपलाइन रुड़की प्रभाग के सीएसआर कार्यक्रम के अतर्गत रजत शहरी एवं ग्रामोत्थान संस्थान द्वारा ग्राम खेड़ी कला लक्सर में एक मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में स्त्री रोग, प्रसूति रोग, दंत रोग, नेत्र व हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का चेकअप कर परामर्श दिया गया। शिविर में आए मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन पाइपलाइन प्रभाग लंढौरा स्टेशन के मुख्य परिचालन प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि इंडियन ऑयल विभिन्न परियोजनाओं द्वारा अपने सामाजिक दायित्वों का पालन करता है। इसी क्रम में इंडियन ऑयल द्वारा रूड़की व लकसर क्षेत्र के 10 गांवों में प्रोजेक्ट स्वास्थ्य सेवा वाहन का परिचालन किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को गांव में ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध हो जाता है। ग्राम प्रधान ग्राम खेड़ी कला कृष्णपाल सिंह ने बताया कि पूर्व में गांव के लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए भी गांव से दूर अपने खुद के साधनों द्वारा जाना पड़ता था। इंडियन ऑयल की परियोजना से ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो रही है। इंडियन ऑयल कार्पाेरेशन के प्रबंधक शुभम गुप्ता ने कहा कि गांव के ग्रामीणों द्वारा ही कॉरपोरेशन से एक ऐसी परियोजना चलाने के लिए अनुरोध किया गया था। जिससे उन्हें अपने गांव में ही स्वास्थ्य लाभ मिल सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान की अध्यक्षा कनिका शर्मा, यशदीप, कामेंद्र आदि ने सहयोग दिया।