हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस महानिरीक्षक और नोडल अधिकारी कुम्भ मेला-2027 डॉ. निलेश आनंद भरणे की अध्यक्षता में सीसीआर भवन में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मेला के लिए आवश्यक संसाधनों की जानकारी एकत्र करना और विभिन्न प्रस्तावों को अंतिम रूप देना था।
इस बैठक में एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के अलावा जनपद देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल से पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में एसपी सिक्योरिटी मंजूनाथ टीसी, कमांडेंट 40 पीएसी तृप्ति भट्ट, एसपी ट्रैफिक हरिद्वार जितेन्द्र मेहरा, एसपी सिटी पंकज गैरोला के साथ एसडीआरएफ, एटीसी और पीटीसी के अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में मुख्य रूप से मेला आयोजन के लिए उपलब्ध जनशक्ति और उसकी आवश्यकताओं, निर्माण कार्यों की जरूरत, उपलब्ध उपकरण और उनकी आवश्यकता, कार्मिकों को कुंभ मेला संबंधित प्रशिक्षण देने के कार्यक्रम तथा मेला संबंधी प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मेला की प्रभावी और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को समय-bound तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।