नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को नई दिल्ली में लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में राज्य में हुई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सहायता और राहत-पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए ₹5 करोड़ मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान किए।
मुख्यमंत्री धामी ने एल.एंड.टी. के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में कॉर्पोरेट सेक्टर का यह योगदान राज्य सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ कर रही है। निजी क्षेत्र की सहभागिता से इन कार्यों में और तेजी आएगी और प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत मिल सकेगी।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा संवेदनशील राज्य है, जहां भौगोलिक परिस्थितियों के कारण समय-समय पर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने और राहत तंत्र को और अधिक सक्षम करने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं।