फर्जी सैन्य कर्मी गिरफ्तार, सेना की वर्दी और 18 डेबिट कार्ड बरामद

रूड़की। आर्मी इंटेलिजेंस, कोतवाली रूड़की पुलिस, सीआईयू रूड़की और एलआईयू रूड़की की संयुक्त टीम ने एक फर्जी सैन्य कर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सेना की वर्दी, नेम प्लेट, आर्मी कार्ड, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और 18 डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस एवं इंटेलिजेंस विभाग आरोपी से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि उसका आर्मी परिसर में आने का वास्तविक उद्देश्य क्या था।

सूत्रों के अनुसार, कोतवाली रूड़की पुलिस क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान आर्मी इंटेलिजेंस को सूचना प्राप्त हुई कि आर्मी एरिया में एक संदिग्ध व्यक्ति सेना की वर्दी में घूम रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने एमईएस गेट के पास से संदिग्ध को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सुरेन्द्र कुमार पुत्र शिशराम निवासी ग्राम कोलसिया, थाना नवलगढ़, जिला झुंझुनू (राजस्थान) के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह सेना की वर्दी पहनकर कैंट एरिया में आसानी से प्रवेश कर लेता था और वहां से सूचनाएं एकत्र करता था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर  कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी में सेना की वर्दी, नेम प्लेट, आर्मी कार्ड, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तथा 18 डेबिट कार्ड शामिल हैं।

संयुक्त कार्रवाई में कोतवाली रूड़की से उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह, कांस्टेबल सोबन सिंह एवं रंगमोहन शामिल रहे। वहीं, सीआईयू टीम में निरीक्षक प्रदीप बिष्ट (प्रभारी सीआईयू), हेड कांस्टेबल अश्वनी यादव, मनमोहन भंडारी, चमन, कांस्टेबल महिपाल, राहुल और अजय काला शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *