त्रिपुरा के छात्र की हत्या पर सरकार सख्त, फरार आरोपित की तलाश में नेपाल तक पहुंची पुलिस

देहरादून। त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश में किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सरकार कठोर कार्रवाई करेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के नंदानगर निवासी छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से दो नाबालिग हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है। एक अन्य आरोपित अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है, जबकि उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम नेपाल भी भेजी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस अधिकारियों को फरार आरोपित की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपित बहुत जल्द पुलिस के शिकंजे में होगा। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को सरकार से किसी तरह की नरमी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रह रहे हर नागरिक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने त्रिपुरा के मृतक छात्र एंजेल चकमा के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *