झबरेड़ा में अंबेडकर समाज कल्याण शिविर, 173 शिकायतें दर्ज

झबरेड़ा। समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) देशराज कर्णवाल के नेतृत्व में विधानसभा झबरेड़ा के ब्लॉक रुड़की अंतर्गत रहीमपुर, सहापुर साल्हापुर एवं सरकड़ी ताहरपुर ग्रामों में “बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर” का सफल आयोजन किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 173 शिकायतें व आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें रहीमपुर से 70, सहापुर साल्हापुर से 67 और सरकड़ी ताहरपुर से 36 मामले शामिल रहे।

शिविर में राशन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विद्युत बिल, आवास योजना, आधार कार्ड, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन तथा शौचालय निर्माण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। इनमें से 43 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को जिला व शासन स्तर पर समाधान के लिए अग्रसारित किया जा रहा है।

इस अवसर पर देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संकल्प है कि हर पात्र व्यक्ति को बिना बाधा समाज कल्याण योजनाओं का लाभ मिले। शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *