हरिद्वार। वैरागी द्वीप स्थित शताब्दी समारोह स्थल पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग का शुभारंभ किया गया। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने संयुक्त रूप से इसका अनावरण किया। इस अवसर पर कमिश्नर पांडे ने कहा कि शांतिकुंज द्वारा सनातन परंपरा और मानवतावादी शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
डॉ. चिन्मय पंड्या ने बताया कि हाईटेक सुविधाओं से लैस यह मीडिया केंद्र सूचनाओं के त्वरित और प्रभावी प्रसारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा शताब्दी समारोह की गतिविधियों को राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करेगा। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मीडिया केंद्र की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे सुदृढ़ सूचना तंत्र की अहम कड़ी बताया। इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।