हरिद्वार— जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में विकास खण्ड नारसन की न्याय पंचायत ढंढेरा अंतर्गत ग्राम पंचायत नगला इमरती (गौतम फार्म हाउस) में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
शिविर में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से 874 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा विभिन्न विभागों द्वारा 456 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस अवसर पर 7031 क्षेत्रीय लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 403 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 178 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा गया।
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह अभियान जनता तक सरकारी सेवाएं सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और समस्याओं का त्वरित समाधान हो। उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।