हरिद्वार | जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 81 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 36 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान हेतु प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं संवेदनशीलता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के तत्काल समाधान के निर्देश देते हुए उन्होंने लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।