हरिद्वार : कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में हरिद्वार पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामला सेक्टर-4 पीठ बाजार का है, जहां ठेली लगाने को लेकर बीएचईएल के सुरक्षा कर्मी से विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 की शाम को सेक्टर-4 पीठ बाजार में लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि अयान पुत्र इकबाल और सुल्तान पुत्र शकील, दोनों निवासी मोहल्ला पांवधोई थाना ज्वालापुर, बीएचईएल के सुरक्षा गार्ड से ठेली लगाने को लेकर झगड़ा कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उत्तेजित होकर हंगामा, गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों युवकों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कार्रवाई करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी और कांस्टेबल प्रेम सिंह शामिल रहे।