कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

हरिद्वार। प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। परशुराम चैक पर प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष कैश खुराना और उपाध्यक्ष सार्थक ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अधिकारियों को सरकार का डर नहीं और अपराधियों को अधिकारियों का डर नहीं है। हरिद्वार ही नहीं पूरे प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है। धर्मनगरी में छोटी बच्ची के साथ दुष्कर्म, अवैध नशा बढ़ रहा है तो कांग्रेस विधायक के बेटे पर हमले हो रहे हैं। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। विकास चंद्रा, मनोज सैनी ने कहा कि नशे का कारोबार फलफूल रहा है। जिसके कारण अन्य अपराध भी बढ़ रहे हैं। स्मैक, गांजा और अन्य अवैध नशे का सामान धर्मनगरी में कहीं भी आसानी से मिल रहा है। पुलिस की नाक के नीचे सब हो रहा है और कोई कार्यवाही नहीं होती। पूर्व महिला शहर अध्यक्ष अंजू द्विवेदी, पार्षद विवेक भूषण विक्की ने कहा कि महिलाएं और छोटी बच्चियां भी सुरक्षित नहीं है। सरकार किसी को भी सुरक्षा देने में असमर्थ है। भाजपा सिर्फ एक दूसरे से लड़वाने में विश्वास रखती है। इस अवसर पर सोम त्यागी, मृत्युंजय पांडे, आशु भारद्वाज, दिव्यांश अग्रवाल, आशु श्रीवास्तव, लक्की महाजन, दीपक कोरी, मनोज जाटव, गौरव चैहान, बन्नी ठाकुर आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *