22 जनवरी पूरे विश्व के लिए ऐतिहासिक दिन : सुनील सेठी

हरिद्वार। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की ऐतिहासिक तिथि 22 जनवरी के अवसर पर महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी के संयोजन में गंगा विहार स्थित संकट मोचन श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी भीम सैन जी महाराज ने की। इस अवसर पर राम भक्तों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर प्रभु श्रीराम का गुणगान किया तथा प्रसाद का वितरण किया गया।

महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि 22 जनवरी वह तिथि है जिसे न केवल देश बल्कि पूरा विश्व सदैव स्मरण रखेगा। इसी दिन अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य एवं दिव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई, जो भारतीय संस्कृति और आस्था के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि इस पुण्य तिथि पर राम भक्तों के साथ प्रभु का गुणगान कर प्रसाद वितरण करने का सौभाग्य प्राप्त होना गर्व का विषय है।

स्वामी भीम सैन जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु श्रीराम हमारे आदर्श हैं, जो जीवन को मर्यादा, नैतिकता और वचनबद्धता के साथ जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीराम केवल एक विचार या आदर्श नहीं, बल्कि कण-कण और रोम-रोम में बसने वाले आराध्य हैं। ऐसे पावन दिवस को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए और इसे कभी भुलाना नहीं चाहिए।

कार्यक्रम में पंडित हरिनाथ जी, राकेश जमदग्नि, योगेंद्र पाल भदौरिया, हरीश अरोड़ा, लाल जी यादव, राकेश सिंह, हरिमोहन भारद्वाज, नंदकिशोर पंडित, रवि बांगा, राजू जोशी, राजेश पांडे, आनंद यादव, कृष्णा कुमार, दिनेश शर्मा, रमन सिंह, एस.एन. तिवारी, सोनू चौधरी, सुनील मनोचा, मुकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में राम भक्त उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *