जन-जन की सरकार कार्यक्रम में 2251 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

हरिद्वार।

विकासखंड रुड़की के न्याय पंचायत खंजरपुर स्थित पंचायत घर टोडा कल्याणपुर अहतमाल में बुधवार को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं से 2251 लोगों को लाभान्वित किया गया, जबकि 1245 नागरिकों को प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में 5238 क्षेत्रीय लोगों ने सहभागिता की।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 66 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 46 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत बिल, जलभराव, चकरोड़ और सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह अभियान न्याय पंचायत स्तर पर चलाया जा रहा है, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे।

शिविर में विधायक उमेश कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान वाजिद अली, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *