हरिद्वार में 7 फरवरी को मेगा स्वच्छता अभियान

हरिद्वार। जनपद को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 7 फरवरी 2026 को जनपद भर में मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने शुक्रवार को विकास भवन परिसर से 50 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर नवंबर 2025 से जनपद में निरंतर स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। 7 फरवरी को होने वाले अभियान में सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में जनसमुदाय की सहभागिता से सफाई कराई जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए एक नोडल अधिकारी तैनात किया गया है, जो गांव के प्रवेश-निकास मार्ग, पंचायत व सामुदायिक भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य उपकेंद्रों में सफाई कार्य सुनिश्चित करेंगे।

स्वच्छता अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों की भागीदारी रहेगी। दुकानदारों और व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। ग्रामीण बाजारों और कस्बों में सफाई का कार्य जिला पंचायत द्वारा कराया जाएगा, जबकि एकत्रित प्लास्टिक कचरे को कंपेक्टर तक भेजा जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *