हरिद्वार।
जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 60 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 31 का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, पेयजल सहित अन्य समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं से संवाद करें, ताकि समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।