हरिद्वार। शारदीय कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला सभागार में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा व शिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार किया जाए और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता के साथ करें।
उन्होंने यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, बिजली और आपदा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस को ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और अफवाहों पर नजर रखने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस व चिकित्सा सुविधाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्नान घाटों व कांवड़ मार्गों पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट, निर्बाध पेयजल व बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, राष्ट्रीय राजमार्ग से मलबा हटाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को होटल-ढाबों पर रेट लिस्ट, गुणवत्ता जांच और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।